राजनांदगांव: चिल्हाटी थाना क्षेत्र के दुलावगुंडरा जंगल में सोमवार सुबह प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोपहर में दोनों शवों को उतारकर पीएम के लिए भेजा गया।
मृतकों की पहचान शिवराजपुर निवासी काशीराम यादव (25) और औंधी क्षेत्र की दासू यादव (24) के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार दोनों के बीच करीब आठ माह से प्रेम संबंध था और दोनों साथ रहने लगे थे। परिवार ने अगले महीने सामाजिक रूप से विवाह कराने की तैयारी भी कर ली थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों घर से एक साथ निकल गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में दोनों के शव फंदे पर लटके देखे और पुलिस को सूचना दी। स्वजनों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं है, क्योंकि परिवार विवाह के लिए सहमत था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।