राजनांदगांव: नगर निगम क्षेत्र में संपत्तिकर में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन कर निगम प्रशासन और राज्य सरकार पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने घेराव कार्यपालन अभियंता का घेराव कर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंप दरों में संशोधन की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संपत्तिकर की वर्तमान गाइडलाइन और स्लैब पूरी तरह अव्यवहारिक है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल के साथ व्यवसायिक दुकानों पर एक समान दर लागू करना गलत है। साथ ही मुख्य मार्ग और अंदरूनी बस्ती के लिए अलग-अलग दर होना चाहिए, लेकिन दोनों पर समान दर लागू कर दी गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घर के खाली हिस्से और प्लाट पर भी टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने व्यवसायिक दरों में भी संशोधन की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, वरिष्ठ नेता श्रीकिशन खंडेलवाल, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, प्रवक्ता रूपेश दुबे, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, चेतन भानुशाली, झम्मन देवांगन, माया शर्मा, अशोक फडणवीस, गणेश पवार, महेश साहू, प्रज्ञा गुप्ता और राजिक सोलंकी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।