राजनांदगांव: वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग और डेडलिफ्टिंग जैसे ताकत के खेलों में राजनांदगांव के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। हाल ही में दल्लीराजहरा में आयोजित राज्य स्तरीय महिला-पुरुष पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल किए। बालोद जिला पावरलिफ्टिंग संघ के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के लगभग 250 महिला-पुरुष खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर ने हिस्सा लिया। जिले से 10 खिलाड़ियों का दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ। एक्सपर्ट जिम में अभ्यासरत इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पावरलिफ्टर एवं कोच संतोष साहू के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ वर्ग में संतोष साहू ने बेंच प्रेस में 150 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। साईवीर निर्मलकर ने डेडलिफ्ट में 150 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। समीर साहू ने पावरलिफ्टिंग में कुल 440 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं बलदाऊ सोनकर ने 250 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक और सूरज साहू ने अपने वर्ग में 305 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इस प्रकार राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने कुल पांच पदक अपने नाम किए।
प्रतिभाओं को मिले बेहतर सुविधाएं और सम्मान
खिलाड़ियों की लगातार सफलता यह सवाल भी खड़ा करती है कि जब जिले के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य स्तर पर पदक जीत रहे हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, तो उन्हें और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस पहल क्यों न की जाए। जिले में आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र, उच्चस्तरीय उपकरण, उचित डाइट, आर्थिक सहायता और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। प्रतिभावान खिलाड़ियों को समय पर सहयोग मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।