September 09, 2026


दो करोड़ 31 लाख की लागत से होगा शहर की विद्युत व्यवस्था का कायाकल्प

सुदृढ़ होगी व्यवस्था: मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना अंतर्गत व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित व आधुनिक करने की तैयारी

राजनांदगांव: शहर मेंं बिजली संबंधी शिकायतों का स्थायी समाधान करने व्यवस्था में आमूलचूल सुधार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत शहर के विकास के लिए शासन प्रशासन द्वारा दो करोड़ 31 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से बिजली व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित व आधुनिक करने की तैयारी है। मंगलवार को महापौर मधुसूदन ने शहर का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों को लेकर चर्चा की। उक्त राशि प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह सहित सांसद संतोष पांडे को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है।

महापौर ने बताया कि इस योजना अंतर्गत गणेशोत्सव पर्व के पहले शहर में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आधुनिक किया जाएगा। इन कार्यो के लिए नगर निगम द्वारा पूर्व में ही अपनी स्वीकृति प्रदान करते हुए विद्युत विभाग को गणेशोत्सव पर्व के पूर्व जनहित में इन प्रमुख कार्यो को पूर्ण करने के निर्देश दिये गये थे और इसके लिये विद्युत विभाग को फंड उपलब्ध कराने की मांग भी राज्य शासन से की गई थी, जिस पर सीएम साय, डा. रमन एवं सांसद पांडे के प्रयासों से शीघ्र की फंड उपलब्ध कराया गया है। महापौर ने इसे लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ आज नगर के मुख्य मार्गो का निरीक्षण किया। कामठी लाइन, सदर बाजार, भारत माता चौक, आजाद चौक, आदि मार्गो पर विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त करने आवश्यक निर्देश दिये। नगर भ्रमण के दौरान महापौर के साथ निगम अध्यक्ष टोपेंद्र (पारस) वर्मा, पार्षद मनोहर यादव, संतोष साहू, पूर्व पार्षद शरद सिन्हा सहित विभागीय उपस्थित रहे।

बताया गया कि बिजली विभाग के मैदानी अमले द्वारा चरणबद्ध तरीके से क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। महापौर ने दावा किया है कि विद्युत विभाग का यह अभियान शहर के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

 बेतरतीब तारों के उलझन से मिलेगा छुटकारा

पूर्व सांसद मधु ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना अंतर्गत मुख्य रूप से मुख्य मार्गों पर लटकते अव्यवस्थित तारों, खुले एवं कम ऊंचाई के विद्युत तारों के जमघट को व्यवस्थित किया जाएगा। उसे एक लाइन में व्यवस्थित ढंग से कनेक्ट किया जाएगा। आगामी गणेशोत्सव एवं झांकियों के विसर्जन के दृष्टिगत शहर के बाजार चौक चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर विद्युत व्यवस्था सु़दृढ़ीकरण के लिए विशेष प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। कार्ययोजना के तहत नगर में लगभग 50 नए विद्युत पोल लगाया जाना प्रस्तावित है। आवश्यकता वाले स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करना, विद्युत तारों की क्षमता वृद्धि करना, विद्युत नेटवर्क को मजबूत करना, विद्युत भार के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करना, झूलते तारों को चिन्हांकित करके व्यवस्थित एवं एक साथ कनेक्ट करने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch