June 26, 2026


अवैध रेत उत्खनन पर सड़क निर्माण कंपनी पर शिकंजा

मोहला: जिले में सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी एक निर्माण कंपनी पर अवैध रेत उत्खनन और भंडारण का मामला सामने आया है। खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सहपाल के साप्ताहिक बाजार परिसर में डंप की गई 70 ट्रिप से अधिक रेत जब्त कर ली है। साथ ही उत्खनन में प्रयुक्त चैन माउंटेड मशीन को मौके पर ही सील कर निर्माण कंपनी को नोटिस जारी किया गया है।

खनिज विभाग के अनुसार मामला मानपुर विकासखंड के ग्राम सहपाल का है। विभाग को सूचना मिली थी कि बाजार परिसर में बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच और संबंधित पक्षों से पूछताछ के दौरान पता चला कि मानपुर-मदनवाड़ा-सीतागांव सड़क निर्माण कार्य कर रही विकास कंस्ट्रक्शन द्वारा बसेली नदी से चैन माउंटेड मशीन के माध्यम से रेत का उत्खनन कर यहां भंडारण कराया गया था।

खनिज विभाग ने 24 और 25 जून की रात तक कार्रवाई करते हुए रेत के पूरे भंडारण को प्रशासनिक अभिरक्षा में ले लिया। विभाग ने मौके पर मौजूद चैन माउंटेड मशीन को भी सील कर दिया है। निर्माण कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जब्त रेत को मौके पर ही प्रशासनिक निगरानी में रखा गया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch