राजनांदगांव: मनगटा क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में संचालित रिसार्टों में कथित अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण, नशाखोरी और देह व्यापार पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
धरने में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल भी शामिल हुईं। जनपद सदस्य मोहनीश धनकर के साथ प्रदर्शन के लिए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से मनगटा क्षेत्र में नशाखोरी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई। हर्षिता बघेल ने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो उन पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
बता दें कि 18 जून को मनगटा क्षेत्र के विसलिंग रिसार्ट में भिलाई की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में रिसार्ट संचालक पर दुष्कर्म का प्रकरण भी दर्ज किया गया है। जबकि उसके दो दोस्तों को सह आरोपी बनाया गया है। मामले में मृतका के स्वजन अन्य तीन युवक और एक अन्य युवती पर कार्रवाई न होने को लेकर प्रश्न भी उठा रहे हैं। इस घटना के बाद मनगटा सुर्खियों में है।