June 19, 2026


पांचवीं बार बढ़ीं बिजली की दरें स्मार्ट मीटर और भारी बिलों से त्रस्त है जनता : पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सरकार को घेरा

राजनांदगांव: बिजली की दरों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारवार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पांचवीं बार बिजली की दरों में वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। हाल ही में जारी नई दरों के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली शुल्क में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की गई है। वहीं गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। कृषि पंपों के लिए भी 40 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। कांग्रेस का कहना है कि इससे पहले ही उपभोक्ताओं पर 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार का भार डाला जा चुका है, जिसके बाद नई दरों ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जून माह में प्रदेश के 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से दो से तीन गुना तक अधिक आए हैं। पार्टी का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली की खपत अपेक्षा से अधिक दर्ज होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा बिना उपभोक्ताओं की सहमति के अनुबंध भार क्षमता बढ़ाए जाने के कारण अतिरिक्त शुल्क और अर्थदंड भी वसूला जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

 पूर्ववर्ती सरकार की बिजली बिल हाफ से मिलती थी राहत

कांग्रेस ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान लागू की गई बिजली बिल हाफ योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस योजना के बंद होने के साथ-साथ लगातार बिजली दरों में वृद्धि ने मध्यम वर्ग, मजदूरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर डाला है। महंगाई की इस दौर में लगातार बढ़ रहे बिजली बिल आम परिवारों का मासिक बजट बिगाड़ रहे हैं। किसानों को सिंचाई के लिए अधिक खर्च उठाना पड़ रहा है, जबकि छोटे दुकानदार और व्यवसायी भी बढ़ती बिजली लागत से प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने राज्य सरकार से बिजली की नई दरें तत्काल वापस लेने, उपभोक्ताओं को राहत देने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक जोरदार ढंग से उठाएगी। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, प्रदेश सचिव मेहुल मारू व अन्य मौजूद रहे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch