राजनांदगांव: नगर निगम के टाउन हाल में स्वनिधि महोत्सव में 145 पथ विक्रेताओं ने पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराया। इस दौरान विभिन्न बैंकों से स्वीकृत ऋण प्रकरणों के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के 16 पात्र हितग्राहियों को आवास आबंटन पत्र भी सौंपे गए।
महोत्सव को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से कम ब्याज दर पर उपलब्ध ऋण की मदद से अनेक हितग्राही अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में 145 हितग्राहियों ने पंजीयन कराया, जिनमें 90 नए आवेदन शामिल हैं। इसके अलावा 55 लंबित प्रकरणों के हितग्राही भी उपस्थित रहे, जिनके मामलों में बैंक स्तर पर प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम के दौरान लखोली स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों के लिए 16 पात्र हितग्राहियों को आबंटन पत्र सौंपे गए।