आरंग। श्रीराम विहार कॉलोनी के रहवासियों ने गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं नगर पालिका परिषद आरंग को शिकायत पत्र सौंपकर कॉलोनाइजर पर वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने तथा कॉलोनी के कथित अवैध विस्तार का आरोप लगाया है।
कॉलोनीवासियों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि वर्ष 2015 में स्थापित श्रीराम विहार कॉलोनी के विकास के दौरान कॉलोनाइजर द्वारा मॉडर्न क्लब हाउस, अंडरग्राउंड ड्रेनेज, 24×7 पेयजल आपूर्ति, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, बाउंड्रीवाल तथा सुरक्षा गार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। रहवासियों का आरोप है कि कई वर्ष बीत जाने के बाद भी इन सुविधाओं को पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं कराया गया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में कॉलोनी के बाउंड्रीवाल को तोड़कर बिना रहवासियों की सहमति एवं आवश्यक अनुमति के आसपास की भूमि पर प्लाटिंग की जा रही है। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि प्लॉट बिक्री के दौरान कुछ राशि अतिरिक्त रूप से ली गई, जिसकी रसीद भी प्रदान नहीं की गई।
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार कॉलोनाइजर से चर्चा कर समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मांगों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से SDM एवं नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच कराने, कथित अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने तथा कॉलोनाइजर द्वारा किए गए वादों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
शिकायत पत्र पर कॉलोनी के अनेक रहवासियों के हस्ताक्षर हैं। अब रहवासियों को प्रशासनिक जांच और आवश्यक कार्रवाई का इंतजार है।