खैरागढ़: छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब टकराव का दौर तेज होने जा रहा है। दो दिन पहले खैरागढ़ जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने बीजेपी सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को काम करने के लिए ढाई साल का पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन जनता की अपेक्षाओं पर वह खरी नहीं उतर सकी। मीडिया से चर्चा के दौरान महंत ने कहा कि अब कांग्रेस सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक पूरे दल-बल के साथ सरकार को घेरने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही, महंगाई लगातार बढ़ रही है और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष डा. महंत ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से सरकार को मौका दे रहा था, लेकिन अब जनता के मुद्दों को लेकर निर्णायक लड़ाई का समय आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सरकार की नीतियों और कार्यशैली को कठघरे में खड़ा किया जाएगा। महंत के इस ऐलान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें आगामी विधानसभा सत्र पर टिकी हैं, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक जंग देखने को मिल सकती है। कांग्रेस के इस कदम को सरकार के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक हमला माना जा रहा है।