October 14, 2026


मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु डोंगरगढ़ स्टेशन पर बढ़ाईं सुविधाएं

पांच प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ-जीआरपी तैनात

राजनांदगांव : डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी क्वांर नवरात्रि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 11 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, होल्डिंग एरिया, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। साथ ही पांच प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए स्टेशन पर होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त मोबाइल यूटीएस, एक एटीवीएम और छह यूटीएस टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। चौबीस घंटे पूछताछ और उद्घोषणा प्रणाली के साथ प्लेटफार्म प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, अस्थायी शेड, प्रसाधन और स्वच्छता की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और रोड अंडरब्रिज में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। मंदिर के प्रवेश द्वार के पास ट्रेन आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए सूचना बोर्ड लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को ट्रेनों की स्थिति जानने में परेशानी न हो।

सुरक्षा के साथ चिकित्सा सहायता का इंतजाम

भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), टिकट जांचकर्मियों और मार्गदर्शन दल की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर और यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। व्यवस्थाओं के समन्वय और त्वरित कार्रवाई के लिए वार रूम से भी निगरानी की जा रही है। प्लेटफार्म नंबर एक पर प्राथमिक उपचार शिविर और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है।

0 पांच एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ में ठहराव

मेला अवधि में श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पांच प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20843/20844), बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20845/20846), बिलासपुर-चेन्नई-बिलासपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12851/12852), बिलासपुर-पुणे-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12849/12850) और सिकंदराबाद-रायपुर-सिकंदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12772/12771) शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, मेले के दौरान कुछ मेमू सेवाओं के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू (68729/68730) का गोंदिया तक, दुर्ग-गोंदिया-दुर्ग मेमू (68742/68741) का रायपुर तक परिचालन तथा डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ स्पेशल मेमू (06886/06885) का संचालन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया गया है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch