राजनांदगांव: उपमुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को एक के बाद एक बैठकें कर जिले की सांगठनिक और प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की। वे सोमवार की रात ही राजनांदगांव पहुंच गए थे। सुबह होते ही उन्होंने बैठकों का दौर शुरू किया। दोपहर को विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह भी यहां पहुंचे। इसके बाद दोनों नेताओं ने दोपहर के भोजन पर आपसी चर्चा भी की। प्रभारी मंत्री ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के संगठन पदाधिकारियों व निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर फीडबैक लिया। इस बैठक में उन्होंने चर्चित मामलों, शिकायतों और जरूरी मुद्दों के साथ ही अधिकारियों के कामकाज को लेकर भी जानकारी ली। रात को भाजपा कोरग्रुप के साथ डा. रमन सिंह की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें संगठन के विस्तार के साथ ही मनोनीत पार्षदों व अन्य पदों पर नियुक्ति को लेकर मंथन किया गया।
लंबे समय बाद प्रभारी मंत्री ने संगठन के लोगों से सीधी बातचीत की। मंगलवार को पूरे जिले के पदाधिकारी नव विश्राम गृह पहुंचे थे। यहां एक-एक कर मंडलों के साथ शर्मा ने बैठक शुरु की। बैठक में हर मंडल से अध्यक्ष, महामंत्री, कुछ वरिष्ठ नेता और जिला व जनपद पंचायत सदस्य शामिल रहे। इस दौरान शर्मा ने कई एजेंडों पर बातचीत की। उन्होंने संगठन की स्थिति की जानकारी ली और इसके बाद क्षेत्र में चल रहे कार्य, मांग और योजनाओं पर चर्चा की। बताया जाता है कि इस दौरान कुछ नेताओं ने उनके सामने शिकायतें भी रखीं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि स्थानीय कामों की अनुशंसा के लिए भी मांगपत्र लेकर पहुंचे थे।
0 देर शाम शुरु हुई कोर कमेटी की बैठक
इधर, देर शाम विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह की मौजूदगी में स्पीकर हाउस में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक शुरु हुई। इस बैठक में जिला कार्यकारिणी को लेकर चर्चा संभावित है। पिछली बैठक राजधानी में हुई थी जिसमें जिला कार्यकारिणी गठन की प्रारंभिक सूची तैयार की गई थी। अब इस पर मंगलवार को दूसरे चरण की चर्चा होगी। इसके बाद जल्द ही जिला कार्यकारिणी की घोषणा की जा सकती है। गौरतलब है कि, एल्डरमैन और जीवनदीप समिति सहित अन्य नियुक्तियों को लेकर पहले ही सूची तैयार कर भेजी जा चुकी है।
0 प्रशासनिक बैठक में की समीक्षा
दोपहर लगभग सवा तीन बजे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह जिला पंचायत पहुंचे। यहां सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों से विकास कार्यों, केंद्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान कृषि से जुड़ी समस्याओं पर खासी चर्चा हुई। रासायनिक उर्वरकों की कमी और असमान्य बारिश के चलते खरीफ फसल पर पड़ने वालों प्रभावों पर अधिकारियों ने जानकारी दी। भविष्य की योजनाओं को लेकर भी कुछ प्रेजेंटेशन सामने रखे गए। इस बैठक में महापौर मधुसूदन यादव और दूसरे नेता भी मौजूद रहे। बैठक से निकलकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, जिले में प्रशासन बेहतर काम कर रहा है। सभी मिलकर क्रियान्वयन में जुटे हुए हैं जिसके श्रेष्ठ परिणाम दिख रहे हैं।
शर्मा ने कहा: मैं आभारी मंत्री
बैठकों के बाद शर्मा ने कहा कि, चूंकि मैं इस जिले का प्रभारी नहीं आभारी मंत्री हूं तो अपने लोगों के बीच आभार जताने आया हूं। उन्होंने कहा कि संगठन और दूसरे एजेंडों पर आज विस्तृत चर्चा हुई है। मंडलों के पदाधिकारियों के साथ ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर भी फीडबैक लिया है। कुछ जरूरी मामलों में निर्देश भी दिए गए हैं।