राजनांदगांव : 28 अप्रैल को दिग्विजय कालेज की कैंटीन में भाजयुमो दक्षिण मंडल महामंत्री आशीष सोरी द्वारा कैंटीन संचालक किरण साहू को पीटे जाने के मामले में दोनों पक्षों की ओर से बसंतपुर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है। आशीष सोरी के बड़े भाई हरिश ने किरण और उसके पिता पर मारपीट का आरोप लगाया है। जबकि कैंटीन संचालक ने मामूली बात पर विवाद करने और गालीगलौच के बाद मारपीट करने को लेकर भाजयुमो महामंत्री के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।
आरोप है कि मंगलवार की दोपहर दो बजे कैंटीन मैं बैठे आशीष सोरी को संचालक किरण साहू ने प्रोफसर्स के लिए जगह खाली कर दूसरी ओर बैठने कहा था। इस मामूली बात पर ही आशीष ने संचालक से विवाद करते हुए उसे और उसके पिता व बहन से गालीगलौच शुरु कर दी। मौके पर प्रोफेसर्स भी यह घटना देख रहे थे। विवाद बढ़ता गया जिसके बाद आशीष ने किरण को सीसीटीवी कैमरे से दूर बुलाया और मारपीट शुरु कर दी। संचालक किरण ने बचाव की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे – तैसे इस दोनों का अलग किया। इसके बाद किरण ने पहले दिग्विजय कालेज की प्राचार्य डा सुचित्रा गुप्ता को घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को कालेज परिसर में सुरक्षा व्यव्स्था बनाए रखने के लिए पत्र लिखा है।
इस बीच किरण ने बसंतपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। जबकि भाजयुमो महामंत्री जिला अस्पताल जाकर भर्ती हो गए। उसने किरण व उसके पिता पर मारपीट का आरोप लगाया है। बहरहाल, बसंतपुर पुलिस ने दोनों की लिखित शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है। वहीं इस विवाद से भाजयुमो ने किनारा करते हुए इसे दोनों पक्षों का व्यक्तिगत विवाद बताते हुए पल्ला झाड़ लिया है।