September 12, 2026


सड़क पर थार अड़ाकर लूटपाट में चार गिरफ्तार

राजनांदगांव :- घुमका थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद चार आरोपितों ने पिकअप वाहन लूट लिया। घुमका पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ले जाने के दौरान थाने से घुमका चौराहे तक आरोपितों का जुलूस निकाला गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया डीआइ योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3,200 रुपये नकद समेत 4.08 लाख रुपये का माल बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा थार भी जब्त की गई है। खास बात यह है कि थार का मालिक कोई और है और उसका उपयोग आरोपित अनमोल चंदेल करता था।

घटना नौ सितंबर की है। बसंतपुर निवासी संजय साहू अपने साथी के साथ डीआइ योद्धा पिकअप से जा रहे थे। डुमरडीह खुर्द-देवडोंगर चौक के पास उनकी पिकअप की सामने से आ रही काली रंग की थार से टक्कर हो गई। थार सवार आरोपितों ने दोनों को मारपीट करते हुए धमकाया और पिकअप, दो मोबाइल फोन तथा 3,200 रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। टीम पीड़ितों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। तब तक आरोपित वहां से फरार हो चुके थे।

पिकअप लेकर भागने के बाद आरोपित अनमोल चंदेल ने घटनास्थल से करीब तीन-चार किलोमीटर दूर कलडबरी के पास डैम के नजदीक वाहन छोड़ दिया था। पुलिस ने बोईरडीह निवासी अनमोल चंदेल (29), जोरातराई निवासी खिलेश्वर साहू उर्फ बादल (29), खुर्सीपार, दुर्ग निवासी जे. गौतम राव (24) और ग्राम असोली, तहसील कामठी, नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी लक्ष्मण शिवप्रसाद सोनबोइर (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चारों ने वारदात स्वीकार कर ली। आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया डीआइ योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। चारों आरोपितों को 10 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch