राजनांदगांव : छुरिया विकासखंड के ग्राम शिकारीमहका में भूजल स्तर की नियमित निगरानी के लिए लगाया गया डिजिटल वाटर लेवल रिकार्डर (डीडब्ल्यूएलआर) उपकरण चोरी हो गया। केंद्रीय भूमि जल बोर्ड की ओर से लगाए गए इस उपकरण की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। मामले में छुरिया पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर को केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तर मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र रायपुर के वैज्ञानिक-बी (हाइड्रोजियोलाजिस्ट) जोसबंता जानी ने थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि भूजल स्तर की निगरानी के लिए ग्राम शिकारीमहका स्थित शासकीय हाईस्कूल में स्टेशन आइडी सीजीडब्ल्यूबीएचयू209 के तहत डीएसएलआर उपकरण स्थापित किया गया था। नौ जनवरी 2026 को किए गए भौतिक निरीक्षण के दौरान उपकरण गायब मिला। जांच में उसके चोरी होने की पुष्टि हुई।
उपकरण में 12 वोल्ट की बैटरी, सिम कार्ड, एंटीना, केबल और अन्य आवश्यक सामग्री लगी थी। यह जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय भूमि जल बोर्ड की संपत्ति थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब उपकरण चोरी करने वाले की तलाश में जुटी है।