राजनांदगांव : अस्पतालों में दिन-रात मरीजों की सेवा और स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने वाली 100 महिला कर्मियों के लिए दीपावली की खुशियां कुछ खास बन गईं। मां पाताल भैरवी मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश मारू और कमलेश सिमनकर ने लगातार पांचवें वर्ष दीपावली से पहले महिला स्वच्छताकर्मियों और सुरक्षा गार्डों को साड़ियां वितरित कीं।
शासकीय मेडिकल कालेज सह अस्पताल और जिला चिकित्सालय में निजी कंपनी मेटास के तहत कार्यरत ये महिलाएं मरीजों की देखभाल और अस्पताल की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कई बार मरीजों के पास स्वजन नहीं होते, ऐसे में ये महिलाएं उनकी सेवा और देखभाल कर उन्हें अपनों की कमी महसूस नहीं होने देतीं। इस पहल के तहत मेडिकल कालेज सह अस्पताल में अधीक्षक डा. अतुल मनोहर राव देशकर और प्रोफेसर डा. प्रकाश खूंटे ने साड़ियां वितरित कीं। वहीं, जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन डा. महेंद्र प्रसाद, आरएमओ डा. अभिनव पंसारी और नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति में वितरण किया गया।