राजनांदगांव : शासकीय स्कूलों और कालेजों में भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध जताया है। अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने और संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
मुदलियार ने आरोप लगाया कि भाजपा शासकीय शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रही है। युवा संवाद के नाम पर 'लोकतंत्र बचाओ-भीड़ तंत्र हटाओ' जैसे राजनीतिक एजेंडे का प्रचार किया जा रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर स्कूली बच्चों से विद्यालय परिसर के बाहर दीये जलवाए गए और परीक्षा निरस्त कर उन्हें राजनीतिक कार्यक्रम में भेजा गया। अब नए तरीके से शिक्षण संस्थानों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल-कालेज किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। इन्हें राजनीति का अखाड़ा बनाना शिक्षा व्यवस्था और संस्थानों की गरिमा के विरुद्ध है।
उन्होंने कार्यक्रमों की अनुमति देने वाले प्राचार्यों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई, संबंधित जनभागीदारी समितियों को बर्खास्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही भविष्य में शासकीय शिक्षण संस्थानों का राजनीतिक प्रचार के लिए उपयोग रोकने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया। इस दौरान कुलबीर छाबड़ा, कमलजीत पिंटू, राकेश जोशी, मामराज अग्रवाल, रुपेश दुबे, वीरेंद्र चंद्राकर, देवेश वैष्णव, अशोक पंजवानी, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, चंपू गुप्ता, ललित मरकाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।