राजनांदगांव : लखोली-कंचनबाग क्षेत्र के तीन वार्डों में कम दबाव और कम समय तक पानी मिलने की शिकायत पर महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार सुबह निगम आयुक्त जीआर मरकाम और तकनीकी अधिकारियों के साथ जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। वार्ड 30, 31 और 32 में पेयजल की समस्या को देखते हुए उन्होंने टंकी पूरी भरने के बाद ही जलापूर्ति शुरू करने और स्थिति सामान्य होने तक टैंकरों से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं उस क्षेत्र में जनवरी माह से शाम का भी जलापूर्ति व्यवस्था हो जोगी।
कंचनबाग स्थित 13.50 लाख लीटर क्षमता वाली पानी टंकी में पिछले कुछ दिनों से पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहा है। इसके कारण संबंधित वार्डों में कम समय तक और कम दबाव से पानी पहुंच रहा है। पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर, चंद्रशेखर लश्करे और रीना सिन्हा ने इसकी शिकायत महापौर से की थी। निरीक्षण के दौरान महापौर ने वाल्वमैन को टंकी के भराव पर विशेष ध्यान देने और समस्या आने पर तत्काल अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए।
जनवरी से शाम को भी मिलेगी जलापूर्ति
महापौर ने बताया कि टंकी की क्षमता अधिक होने और मौजूदा व्यवस्था के कारण दोनों समय पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए अलग राइजिंग पाइपलाइन बिछाई जा रही है। जनवरी तक शाम के समय भी पेयजल आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य है। निगम आयुक्त ने वाल्वमैन को लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
शिवनाथ कालोनी में सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान महापौर और आयुक्त शिवनाथ कालोनी भी पहुंचे। यहां नागरिकों ने उद्यान में जिम उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। महापौर ने शीघ्र व्यवस्था का आश्वासन दिया। उन्होंने वार्ड में चल रहे सड़क और नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही खराब लाइटों की मरम्मत और ट्यूबलर पोल लगाने को कहा। इस दौरान निगम के अभियंता, पार्षद प्रतिनिधि और वार्डवासी उपस्थित थे।