September 09, 2026


सम्मान मिला तो भावुक हुए शिक्षक बोले ऐसा अपनापन ही बढ़ाता है हौसला

इग्नाइट स्कूल में एसएमसी ने मनाया शिक्षक दिवस; पार्षद रवि सिन्हा बोले—गुरु ही गढ़ते हैं बच्चों का भविष्य

राजनांदगांव :- गंजपारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इग्नाइट में शिक्षक दिवस पर माहौल कुछ अलग ही नजर आया। शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने प्रधान पाठक एवं शिक्षकों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सम्मान पाकर शिक्षक भावुक हुए और कहा कि विद्यालय परिवार और पालकों का यह अपनापन उन्हें बच्चों के लिए और बेहतर करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद रवि सिन्हा ने उपस्थित होकर प्रधान पाठक श्रीमती राबिया शादाब सहित शिक्षकों का सम्मान किया। राबिया शादाब को विद्यालय के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए विशेष मोमेंटो, श्रीफल एवं सम्मान प्रदान किया गया। एसएमसी की ओर से विद्यालय के लिए उपयोगी उपहार भी दिया गया।

वहीं श्रीमती पूनम सिंह, सुश्री लीला मानिक एवं सुश्री दुर्गा पंसारी को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

रवि सिन्हा बोले—शिक्षा से जुड़े हर प्रयास में साथ खड़ा रहूंगा

पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का काम नहीं करते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने इग्नाइट स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं एसएमसी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा, “विद्यालय हमारे वार्ड के बच्चों के भविष्य की पहली सीढ़ी है। शिक्षा से जुड़ी जरूरतों और विद्यालय के विकास के लिए जनप्रतिनिधि के रूप में हरसंभव सहयोग के लिए मैं सदैव तत्पर रहूंगा।”

रवि सिन्हा ने कहा कि शिक्षक का सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। समाज में शिक्षक को जो सम्मान और सहयोग मिलेगा, उसका सीधा लाभ हमारे बच्चों के भविष्य को मिलेगा।

कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष गिरधरलाल साहू, सदस्य मोहन प्रजापति, सुनील अग्रवाल, इश्तियाक अली, भोलेश्वरी साहू, कुंदन साहू सहित एसएमसी सदस्य एवं पालकगण उपस्थित रहे।

शिक्षकों के सम्मान से सजे इस आत्मीय आयोजन में विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि जब शिक्षक, पालक, एसएमसी और जनप्रतिनिधि एक साथ खड़े होते हैं, तो बच्चों के बेहतर भविष्य की राह और मजबूत होती है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch