आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग के पुराने कार्यालय में शनिवार को ‘गोठ-बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं वार्ड स्तरीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
‘गोठ-बात’ के दौरान वार्ड क्रमांक 14 के नागरिकों ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों ने बताया कि पर्याप्त पाइपलाइन विस्तार नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. जैन ने समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए इंदिरा चौक से सुमित बाजार तक पाइपलाइन विस्तार की आवश्यकता बताई। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों को हो रही पेयजल समस्या का उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज, आरंग परिक्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने भी नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात की। समाज के प्रतिनिधियों ने वार्ड क्रमांक 16 में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वीर नारायण सिंह का योगदान छत्तीसगढ़ के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष में महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने नागरिकों एवं समाज के प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि ‘गोठ-बात’ कार्यक्रम का उद्देश्य नगर पालिका और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल पहल की जा सके। उन्होंने कहा कि आरंग नगर के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर पालिका पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी जायज मांगों पर नियमानुसार शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी।