June 13, 2026


मानव सेवा के लिए आगे आए सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के जवान, रक्तदान कर पेश की मिसाल

सुकमा: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 74वीं बटालियन दोरनापाल द्वारा मानव सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बटालियन के कमांडेंट हिमांशु पांडे के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर का आयोजन बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी अंगोम नरेश सिंह , एडजुटेंट चंद्रशेखर तथा वाहिनी के डॉक्टर थांगा विवेक एस के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।

रक्त संग्रहण के लिए जिला अस्पताल सुकमा की ब्लड बैंक टीम विशेष रूप से शिविर स्थल पहुंची। ब्लड बैंक के चिकित्सकीय एवं तकनीकी कर्मचारियों ने सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए जवानों का रक्त संग्रह किया। रक्तदान से पूर्व जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसके बाद योग्य पाए गए जवानों ने रक्तदान किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। सुकमा जैसे आदिवासी बहुल एवं दूरस्थ जिले में अक्सर गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में सीआरपीएफ के जवानों द्वारा किया गया यह योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि देश की सुरक्षा में चौबीसों घंटे तैनात जवान केवल सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हैं। क्षेत्र की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के जीवन की रक्षा और सहायता के लिए भी जवान सदैव तत्पर रहते हैं।

रक्तदान करने वाले जवानों के उत्साहवर्धन के लिए वाहिनी की ओर से उन्हें फल एवं जूस वितरित किए गए। अधिकारियों ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अन्य लोगों को भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित करने में सहायक होगा।

सीआरपीएफ 74वीं बटालियन द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर मानवता, सेवा और समर्पण की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसने एक बार फिर साबित किया कि जवान केवल देश की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं।इस रक्तदान शिविर में सीआरपीएफ 223वी बटालियन के 7 जवानों ने भी रक्तदान किया ।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch