October 29, 2026


दीपावली पर जाम से राहत की तैयारी फ्लाईओवर के नीचे लगेंगे पसरे

महापौर और आयुक्त ने किया शहर का निरीक्षण, पार्किंग, सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

राजनांदगांव:  दीपावली पर बाजार में भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए नगर निगम ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। सुबह महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने शहर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जय स्तंभ चौक पर त्योहार के दौरान लगने वाले अस्थायी पसरे फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को सर्वे कर पसरा लगाने वालों के नाम दर्ज करने और स्थल पर चिह्नांकन करने कहा गया। चौक के आसपास सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। महापौर और आयुक्त ने मोती तालाब पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। वार्ड पार्षद प्रमोद झंझारे और वार्डवासियों से चर्चा के बाद तालाब किनारे प्रकाश व्यवस्था, सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

 जर्जर उद्योग कांप्लेक्स हटाने की तैयारी

गंज चौक व्यावसायिक परिसर के जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा कर दुकानों को शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। वहीं, जर्जर उद्योग कांप्लेक्स को जनसुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू करने और संबंधित विभाग से समन्वय कर रुचि अभिव्यक्ति आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम में शेष मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने, चहारदीवारी की रंगाई-पुताई, पेड़ों की छंटाई और परिसर की सफाई कराने को कहा गया। गौरव पथ पर डिवाइडर के किनारे और फुटपाथ की सफाई के निर्देश भी दिए गए।

पार्किंग स्थलों का होगा समतलीकरण

दीपावली पर बाजार में भीड़ को देखते हुए चिह्नित अस्थायी पार्किंग स्थलों का समतलीकरण कर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया। सुगम यातायात के लिए यातायात विभाग से समन्वय बनाकर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch