October 29, 2026


सरकारी स्कूलों में दो वर्ष से बंद खेलों की फिर मचेगी धूम

प्रतिभा दिखाने का मंच: स्पर्धा खो-खो, कबड्डी, दौड़ और फुगड़ी जैसे खेलों पर रहेगा जोर

राजनांदगांव: सरकारी स्कूलों में दो वर्ष से ठप पड़ी बाल खेल स्पर्धाओं को अब नवंबर में फिर से शुरू करने की तैयारी है। इससे लंबे समय से खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर तलाश रहे विद्यार्थियों को मंच मिल सकेगा। स्कूल, संकुल, जोन, ब्लाक और जिला स्तर पर आयोजित होने वाली इन स्पर्धाओं के माध्यम से प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने बताया कि कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों से क्रीड़ा शुल्क नहीं लिया जाता है। ऐसे में इन कक्षाओं के बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने अलग से बजट का प्रविधान नहीं है। अब तक स्कूल प्रबंधन, शाला विकास समिति, ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं। पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी खेल स्पर्धाओं को इस साल नवंबर में कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और शारीरिक शिक्षक-प्रशिक्षकों (पीटीआई) की बैठक ली जाएगी। आयोजन की रूपरेखा तय करने के बाद जल्द ही खेल कैलेंडर जारी किया जाएगा। प्रतियोगिताएं स्कूल स्तर से शुरू होकर संकुल, जोन, ब्लाक और जिला स्तर तक आयोजित की जाएंगी।

शिक्षक फिर जुटाएंगे चंदा

संयुक्त शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि खेल स्पर्धाओं का दोबारा शुरू होना अच्छी पहल है। पहले की तरह इस बार भी शिक्षक आपस में चंदा एकत्रित कर प्रतियोगिताओं के लिए जरूरी खेल सामग्री और पुरस्कारों की व्यवस्था करेंगे। इसी राशि से आयोजन का खर्च भी वहन किया जाएगा। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, सहयोग और शारीरिक क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण और छोटे स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, दौड़, फुगड़ी सहित अन्य कम खर्च वाले खेलों को शामिल किया जाएगा। इससे सीमित संसाधनों वाले स्कूलों में भी आयोजन संभव हो सकेगा। दो साल के अंतराल के बाद खेल स्पर्धाएं शुरू होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch