राजनांदगांव :- भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला राजनांदगांव कांग्रेस सेवादल द्वारा “सेवादल का योद्धा, लगाएगा एक पौधा” अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष एवं जिला मुख्य संगठक अमित खण्डेलवाल के तत्वावधान में अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के आदेश तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र उदय मुदलियार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सेवादल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर सभी को प्रेरित किया। इस अवसर पर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अमित खण्डेलवाल, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष जितेंद्र मेश्राम, राजेश यादव, नमन यादव, रिंकू साहू, अनिल साहू, NSUI अध्यक्ष अमर झा, संदीप सोनी, मोहित यादव, सन्नी यादव, तन्मय डेकाडे, नीरज यादव एवं रिमू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद संगोष्ठी का आयोजन कर उनके जीवन, विचारों और देश के विकास में उनके योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण, तकनीकी विकास और युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों ने कहा कि “एक पौधा केवल हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।” इस संदेश के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया।