आरंग। लक्ष्मी विहार कॉलोनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों और कविताओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलोनी अध्यक्ष पवन चंद्राकर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत के लिए विशेष महत्व रखने वाला दिन है। देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना सर्वस्व त्याग कर बलिदान दिया। हमें भी देश के प्रति सच्चे प्रेम, एकता और सद्भावना के साथ रहने का संकल्प लेना चाहिए।
जी.आर. टंडन ने कहा कि हम वर्षों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाते आ रहे हैं, लेकिन जिस गति से देश का विकास होना चाहिए था, वह अपेक्षित रूप से नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता बताई।
ईश्वर साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे भीतर की शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा को जागृत करने का अवसर है। हमें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि इसका अच्छा प्रभाव बच्चों और पूरे वातावरण पर पड़े।
वहीं मोहन साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर दुष्प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस दौरान नशामुक्ति अभियान के तहत कॉलोनीवासियों को किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में नीतू मैडम, अथर्व, अनारा, आराध्या आहूजा, दिव्या, अनिका, ओमी, प्रोनीत, प्रकृति, विनीत एवं लिविका सहित बच्चों ने देशभक्ति गीत और कविताओं की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर पप्पू अरोरा, प्रदीप अग्रवाल, कमल कांत बंजारे, मिलु यादव, सोनू आहूजा, सतनाम टुटेजा, दीपक आहूजा, नायडू जी, मनीष चंद्राकर, अमरीका साहू, किरण दीवान, सीमा निषाद, सीता देवांगन, नेहा टुटेजा, रोशनी साहू, गीता साहू, जागृति चंद्राकर, पलक चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।