August 07, 2026


E20 पेट्रोल जनता पर थोपने की साजिश केंद्र सरकार तुरंत वापस ले फैसला: भूपेश तिवारी

आप के टाउनहॉल में E20 के खिलाफ उठी आवाज, 7 लाख से अधिक लोग जुड़े*

राजनांदगांव/रायपुर :- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेश तिवारी ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिना व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन और आम जनता का विश्वास हासिल किए इस नीति को लागू करना करोड़ों वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल को देश की जनता पर जबरन थोपने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेश तिवारी ने बताया कि E20 पेट्रोल नीति के विरोध में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में शनिवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में "नेशनल टाउनहॉल लाइव विद अरविंद केजरीवाल" कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को देशभर से अभूतपूर्व समर्थन मिला और यूट्यूब के माध्यम से 7 लाख 2 हजार 195 से अधिक लोग ऑनलाइन जुड़े। छत्तीसगढ़ से भी हजारों कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई। श्री तिवारी ने कहा कि यह भारी जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि E20 पेट्रोल को लेकर देशभर के वाहन मालिकों में गंभीर चिंता और असंतोष है। टाउनहॉल के दौरान विभिन्न राज्यों से जुड़े वाहन मालिकों और अनुभवी मैकेनिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि E20 पेट्रोल के उपयोग से कई वाहनों में इंजन संबंधी दिक्कतें, माइलेज में कमी, रबर एवं प्लास्टिक पार्ट्स के जल्दी खराब होने तथा मेंटेनेंस खर्च बढ़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह स्थिति बनी रही तो इसका सीधा आर्थिक बोझ आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पर्याप्त वैज्ञानिक परीक्षण, तकनीकी तैयारी और सभी प्रकार के वाहनों की अनुकूलता सुनिश्चित किए बिना E20 पेट्रोल को बढ़ावा दिया है। सरकार को पहले व्यापक अध्ययन, पारदर्शी रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय सार्वजनिक करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा किए बिना जनता पर नई व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है। श्री तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि जब तक E20 पेट्रोल को लेकर सभी प्रकार के वाहनों के लिए सुरक्षा और उपयोगिता की पूरी गारंटी नहीं मिल जाती, तब तक शुद्ध पेट्रोल का विकल्प जारी रखा जाए। साथ ही जिन वाहन मालिकों के वाहनों को E20 पेट्रोल से नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने बताया कि E20 पेट्रोल के विरोध में देशभर से 2 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन पिटीशन दाखिल कर अपना विरोध दर्ज कराया है। पार्टी के अनुसार इन पिटीशनों में से चुने गए लगभग 100 प्रतिनिधियों के साथ 4 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री के समक्ष E20 पेट्रोल नीति से जुड़ी आपत्तियों और आम जनता की चिंताओं को विस्तार से रखेंगे। श्री तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। यदि केंद्र सरकार ने समय रहते इस नीति पर पुनर्विचार नहीं किया और जनता की मांगों को अनदेखा किया, तो पार्टी छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में चरणबद्ध जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर उस नीति का विरोध करेगी जिससे आम नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़े और उनके हित प्रभावित हों।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch