राजनांदगांव , 1 अगस्त । नगर की न्यू खंडेलवाल कॉलोनी स्थित राम - लक्ष्मण वाटिका में शिव - पार्वती परिवार की स्थापना पवित्र श्रावण मास में पूर्णता की ओर है । आज 1अगस्त को सुबह 11.30 बजे कलश यात्रा तथा भगवान भोलेनाथ सहित शिवगणों की शोभायात्रा न्यू खंडेलवाल कॉलोनी से लेकर ममता नगर , गुलमोहर कॉलोनी , पूनम कॉलोनी आदि में हर ..हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठी ।
पवित्र श्रावण मास की तृतिया तिथि पर शुभ मुहूर्त में पुरोहित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ शिव - पार्वती परिवार की स्थापना का मंगल कार्य शुरू हुआ । 21मातृ शक्तियों ने अपने शीश पर कलश धारण कर भगवान भोलेनाथ से सभी की सुख - समृद्धि की कामना करते हुए डेढ़ घंटे तक नंगे पाँव शोभायात्रा का हिस्सा बनकर प्रारंभिक चरण को पूर्ण किया । शोभायात्रा के उपरांत मंदिर स्थापना के मुख्य जजमान गिरीश देवांगन ने सपत्नीक सभी धार्मिक अनुष्ठान को पूर्ण करने संकल्प लेकर वेदी पूजन की शुरुआत की । आज सुबह से लेकर देर शाम तक देवी -देवताओं , नवग्रह , षोडश मातृका आव्हान पूजन मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए । संध्या में भगवान भोलेनाथ सहित शिवगणों की अन्नाधिवास प्रक्रिया के साथ आज के मंगल कार्यों को पूर्णता दी गई । शोभा यात्रा में विशेष रूप से मंदिर समिति के संरक्षक एवं नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता संतोष पिल्ले , वार्ड पार्षद श्रीमती संगीता युधिष्ठिर देवांगन सहित वार्ड के वरिष्ठजनों एवं युवक युवतियों ने शिव भक्तों के रूप में हिस्सा लिया ।