दंतेवाड़ा, 30 अगस्त 2026। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन रविवार गीदम विकासखंड के ग्राम पंचायत छिंदनार में आयोजित हुआ। जहां वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप,बस्तर सासंद श्री महेश कश्यप,विधायक चैतराम अटामी,जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, छिदंनार सरपंच श्रीमती संध्या पुजारी सहित कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव,पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह,डीएफओ रामकृष्ण रंगानाथा वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव एवं ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से देखा और सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने इतिहास को रोचक बनाने के लिए तकनीक के उपयोग, नशा मुक्त भारत अभियान, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, किसानों की नवाचारपूर्ण खेती, अंतरिक्ष विज्ञान, ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं समाज के सभी वर्गों से सकारात्मक प्रयासों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए परंपरा, प्रकृति और विकास को सहेजना जरूरी- वन मंत्री केदार कश्यप
छिदंनार में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन एवं सहकारिता मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमें अपनी समृद्ध परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय संस्कृति को सहेजते हुए नई पीढ़ी और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हम दंतेवाड़ा जिले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए आते थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल रही हैं। दंतेवाड़ा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी कार्य हो रहा है, जिससे आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। हमें मिलकर नए भारत, नए छत्तीसगढ़ और नए बस्तर की इबारत लिखनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। गांवों में होने वाले छोटे-छोटे नवाचारों और अच्छे कार्यों को भी सामने लाकर उनका प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा जैविक विविधता और वनोपज की दृष्टि से समृद्ध जिला है। यहां जामुन, छिंद, अमड़ी, कुरलू जैसे स्थानीय फल एवं अनेक प्रकार की वनोपज उपलब्ध हैं। हमें अपनी प्राकृतिक संपदा का संरक्षण करते हुए इसका बेहतर उपयोग करना चाहिए। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी से संकल्प लेने तथा जमीन और स्थानीय स्तर पर विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
युवा पीढ़ी को संस्कार देकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ना है- बस्तर सांसद महेश कश्यप
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने छिदंनार में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हल्बी भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि आज ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि बस्तर तेजी से बदल रहा है और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में हमारी युवा पीढ़ी देश और बस्तर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके लिए युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए देश को आत्मनिर्भर बनाना होगा और बस्तर की प्रतिभाओं एवं स्थानीय संसाधनों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा।
हर ग्राम पंचायत तक पहुंच रहा ‘मन की बात’ का संदेश : चैतराम अटामी
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सुना गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से संवाद करते हैं और इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के प्रेरणादायी कार्यों एवं नवाचारों की जानकारी लोगों तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के प्रत्येक संस्करण में देश के किसी न किसी हिस्से की प्रतिभा, नवाचार और जनभागीदारी की चर्चा होती है। दंतेवाड़ा जिला भी अपनी प्रतिभाओं, परंपराओं और जनभागीदारी के कारण लगातार अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और हमें मिलकर दंतेवाड़ा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
कार्यक्रम के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम आतामी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। साथ ही हितग्राहियों को मछली जाल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, समाज कल्याण विभाग की ओर से छड़ी एवं व्हीलचेयर तथा उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न बीजों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।