राजनांदगांव: शराब पीने के लिए एक हजार रुपये नहीं देने पर युवक से मारपीट करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बीयर की बोतल भी जब्त की गई है। 21 अगस्त की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच प्रार्थी अपना काम पूरा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बग्गा बार के सामने उसके मोहल्ले के अजय यादव और हेमंत यादव मिले। दोनों ने उससे पहचान पूछने के बाद शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। दोबारा हमला करने की कोशिश के दौरान बचाव करने पर हाथ में चोट लगी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपितों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बीयर की बोतल जब्त की गई। मामले में पुलिस ने आरोपित चिखली निवासी 23 वर्षीय अजय कुमार यादव,
गौरी नगर निवासी हेमंत यादव को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।