June 24, 2026


डेयरी लौट रहे पिकअप को रोका पशु तस्करी बताकर एक लाख की उगाही

राजनांदगांव: बरमपुर से खरीदी गई तीन भैंसों को लेकर डेयरी लौट रही पिकअप को रोककर चालक से मारपीट करने और डेयरी संचालक से एक लाख रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर बोरतलाव पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। बता दें कि इस घटना से संबंधित एक विडियो इंटरनेट मीडिया में भी प्रसारित किया गया है जिसमें वाहन चालक को मवेशी तस्कर बताया जा रहा है। अब पुलिस मामले में जांच कर रही है जिसमें कुछ ग्रामीणों को आरोपित बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार डोंगरगढ़ निवासी मनोज श्रीवास्तव डेयरी का संचालन करते हैं। उन्होंने बरमपुर के ऐश्वर्य यादव से तीन भैंस और पडि़या तीन लाख 20 हजार में खरीदी थी। 10 जून को इन्हें डोंगरगढ़ लाने उन्होंने अपने वाहन चालक सलीम खान को पिकअप वाहन (सीजी 08 एएम 8068) लेकर भेजा था। सुबह करीब साढ़े दस बजे कुछ लोगो ने सलीम को वाहन समेत घेर लिया और उसे मवेशी तस्कर कहते हुए मारपीट की, विडियो बनाया। मनोज से गाड़ी छोड़ने के एवज में त्रिलोक यादव के नंबर से किए गए फोन पर एक लाख की रकम मांगी गई वरना वाहन को जलाने की धमकी दी। उसने यह रकम आरोपितों को दे भी दी जिसके बाद खाली वाहन सौंपा गया। पशुओं को फिर से बरमपुर ले जाया गया। कुछ दिनों बाद 15 जून को उन्हीं भैंसों और पड़ियों को डेयरी लाया गया। प्रार्थी ने शिकायत में आरोप लगाया गया है कि त्रिलोक यादव और उसके अन्य साथियों ने झूठे मामले में फंसाने तथा वाहन को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर एक लाख रुपये की उगाही की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की भूमिका तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch