August 28, 2026


आस्था के बच्चों ने जीते 5 पदक राष्ट्रीय पैरा योगासन स्पर्धा में बनाई जगह

राजनांदगांव :- आस्था मूकबधिर शाला के श्रवण बाधित बच्चों ने प्रदेश स्तरीय पैरा योगासन खेल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक जीते हैं। प्रतियोगिता रायगढ़ में आयोजित हुई थी। इस उपलब्धि के साथ बच्चों ने राष्ट्रीय योगासन खेल स्पर्धा के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2 और 3 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होनी है।

राज्य स्तरीय स्पर्धा में नौ जिलों के करीब 100 खिलाड़ियों ने श्रवण बाधित, मूकबधिर, दृष्टिबाधित और अस्थिबाधित वर्ग में हिस्सा लिया। मूकबधिर श्रेणी में कुल छह पदकों में से पांच पदक आस्था मूकबधिर शाला के खिलाड़ियों ने हासिल किए। इसमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

अमन ने जीता गोल्ड, चार खिलाड़ियों ने भी पदक हासिल किए

अंडर-17 बालक वर्ग में अमन भंडारी ने स्वर्ण पदक जीता। लक्की मरकाम ने रजत और प्रियांशु यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में पलक देशलहरे ने रजत और मानवी मंडावी ने कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राजनांदगांव का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है।

नियमित प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास

सभी खिलाड़ी योगशाला योग संस्थान के प्रशिक्षकों किशोर माहेश्वरी, श्रुति ताम्रकार और प्रेम साहू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षकों ने बच्चों को योगासन की तकनीक के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने और प्रतियोगिता के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया।

शाला की शिक्षिकाओं निशा हरिव्यासी, ज्योति वैष्णव और गौरव साहू ने भी बच्चों के प्रशिक्षण और रायगढ़ प्रतियोगिता के दौरान अभिभावक के रूप में सहयोग किया।

संस्था ने दी बधाई

बच्चों की सफलता पर आस्था मूकबधिर शाला के अध्यक्ष महेंद्र सुराना, सचिव राजेश जैन, कोषाध्यक्ष अनिल बड़कुल, योगासन भारत के जिलाध्यक्ष हेमंत तिवारी, लक्ष्मण लोहिया सहित संस्था के संरक्षक, संचालक, प्राचार्य और स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch