राजनांदगांव :- अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी.वी. के आदेश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष श्री अरुण ताम्रकार के दिशा-निर्देशन में बुधवार, 26 अगस्त को कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. एन.एस. हार्डीकर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। शहर जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष एवं जिला मुख्य संगठक अमित खण्डेलवाल के नेतृत्व में केसर नगर स्थित सेवादल कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सेवादल के संस्थापक डॉ. एन.एस. हार्डीकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं सूत की माला पहनाकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. हार्डीकर के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में डॉ. हार्डीकर के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों तथा कांग्रेस सेवादल को मजबूत बनाने में उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. हार्डीकर ने सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवादल को जनसेवा का माध्यम बनाया। उनके विचार और कार्य आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भरका पारा स्थित आंगनबाड़ी स्कूल पहुंचे। यहां बच्चों को शिक्षा सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री मिलने पर उनमें उत्साह देखने को मिला। सेवादल पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष एवं जिला मुख्य संगठक अमित खण्डेलवाल, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष जितेंद्र मेश्राम, राजेश यादव, नमन यादव, रिंकू साहू, अनिल साहू, मोहित यादव, सन्नी यादव, तन्मय डेकाडे, नीरज यादव एवं रिमू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने डॉ. एन.एस. हार्डीकर के आदर्शों पर चलने तथा समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि एवं सेवा गतिविधियों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।