August 28, 2026


महतारी वंदन बंद कर दे सरकार महंगाई तो कम करे : संतोष पिल्ले

बिजली, तेल-शक्कर के बढ़ते दामों से जनता बेहाल, कई महिलाएं योजना के लाभ से वंचित*

राजनांदगांव :- नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई और महतारी वंदन योजना को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो महतारी वंदन योजना बंद कर दे लेकिन आम जनता को लगातार बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई का असर हर वर्ग के परिवार पर पड़ रहा है और लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

श्री पिल्ले ने कहा कि बिजली बिल, शक्कर, खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की जरूरत की कई वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बढ़ती महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। आमदनी सीमित है लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सरकार को जनता की मूलभूत परेशानियों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान महतारी वंदन योजना को लेकर प्रदेश की महिलाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे। चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं से योजना के लिए फॉर्म भरवाए गए लेकिन इसके बाद नए पात्र हितग्राहियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इसके अलावा कई महिलाओं के खातों में योजना की राशि नहीं पहुंचने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। श्री पिल्ले ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ देने की बात कही थी। इसके बावजूद कई जरूरतमंद महिलाएं आज भी योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गरीब और पेंशन पर निर्भर महिलाओं को भी योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्री पिल्ले ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि योजना का लाभ लेने से वंचित महिलाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया कब शुरू होगी। यदि कोई महिला पात्र है तो उसे केवल आवेदन नहीं भरवाने या तकनीकी कारणों से योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार को पात्रता के आधार पर सभी महिलाओं को योजना का लाभ सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से महिलाओं को कुछ आर्थिक सहारा जरूर मिलता है लेकिन दूसरी तरफ लगातार बढ़ती महंगाई उस सहायता राशि का बड़ा हिस्सा रोजमर्रा के खर्च में ही समाप्त कर देती है। ऐसे में सरकार को केवल योजनाओं के माध्यम से राहत देने के बजाय महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली के बढ़ते बिलों ने भी आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। इसके साथ ही खाद्य तेल, शक्कर और अन्य जरूरी सामान की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे रसोई के बजट पर पड़ रहा है। गरीब परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई, घर का राशन, बिजली बिल और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना चुनौती बनता जा रहा है। श्री पिल्ले ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि सरकार महिलाओं के खाते में आर्थिक सहायता देने की बात करती है तो पात्र महिलाओं को नियमित रूप से इसका लाभ मिलना चाहिए। वहीं महंगाई को लेकर भी सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आम जनता यह जानना चाहती है कि बढ़ती महंगाई से राहत कब मिलेगी और महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं को उनका अधिकार कब मिलेगा। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। श्री पिल्ले ने कहा कि सरकार महतारी वंदन योजना दे या न दे लेकिन कम से कम महंगाई पर तो नियंत्रण करे ताकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सम्मान के साथ अपना जीवन चला सकें। उन्होंने सरकार से महतारी वंदन योजना के लंबित मामलों की समीक्षा करने नए पात्र हितग्राहियों के आवेदन लेने तथा महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch