राजनांदगांव :- श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से लखोली वार्ड नंबर 32 में श्रम विभाग द्वारा मोबाइल कैंप का आयोजन किया गया। पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर की पहल पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने पहुंचकर पंजीयन एवं नवीनीकरण की सुविधा का लाभ उठाया।
शिविर में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत श्रमिकों के नवीन पंजीयन के साथ-साथ निष्क्रिय श्रमिक कार्डों का नवीनीकरण किया गया। इसके अलावा श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर ने कहा कि मोबाइल कैंप आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को पंजीयन और कार्ड नवीनीकरण के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत दिलाना है। वार्ड में ही सुविधा उपलब्ध होने से श्रमिकों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को शासन की योजनाओं का निरंतर लाभ मिलता रहे, इसके लिए ऐसे शिविर बेहद उपयोगी हैं। शिविर के दौरान हितग्राहियों के मोबाइल नंबर पर ओटीपी सत्यापन, लाइफ फोटो एवं वीडियो की प्रक्रिया पूरी कर मौके पर ही श्रमिक कार्ड के पंजीयन और नवीनीकरण की कार्रवाई की गई। इससे श्रमिकों को लंबी प्रक्रिया और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली। श्रम विभाग के कर्मचारियों ने शिविर में उपस्थित श्रमिकों को पंजीयन की पात्रता, आवश्यक प्रक्रिया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। श्रमिकों ने वार्ड में ही मोबाइल कैंप लगाए जाने पर खुशी जताते हुए इसे सुविधाजनक और उपयोगी पहल बताया। पार्षद निर्मलकर ने कहा कि भविष्य में भी वार्ड के श्रमिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ सकें और उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।