खैरागढ़: आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित जिला कार्यशाला में चुनावी रणनीति, बूथ गठन और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सभी 20 वार्डों में सक्रियता बढ़ाने और चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। बैठक में वार्डों का आरक्षण होने और सभी वार्डों के लिए प्रभारी व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा के खैरागढ़ विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्य को गंभीरता से किया जाना चाहिए। लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए उन्होंने बहुमत को सरकार गठन का आधार बताया। ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान राजनीतिक दलों के एजेंटों को प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है और किसी त्रुटि पर वे मौके पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
शर्मा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीबीआइ जांच की मांग के बाद जांच शुरू होने पर भी एजेंसी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने एसआइआर प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि भीड़तंत्र के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाले छह कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।
सभी 20 वार्डों में चुनावी तैयारी
पूर्व संसदीय सचिव एवं नगर पालिका चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना ने कहा कि अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर पालिका चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सभी 20 वार्डों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की जा चुकी है।
बूथ गठन चार नवंबर से पहले पूरा करने के निर्देश
दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि चार नवंबर को होने वाली प्रदेश भाजपा की बैठक से पहले सभी मंडल अध्यक्ष बूथ गठन की प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद सरल ऐप पर फोटो अपलोड करने को कहा। बैठक में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, नगर पालिका चुनाव की सह-प्रभारी किरण साहू के अलावा ओमप्रकाश जोशी, लोकेंद्र भट्ट, रमेश शर्मा, भावेश कोचर, राकेश ठाकुर, ललित चोपड़ा, सूर्यदमन सिंह, बलराम जंघेल, संतन साहू, राजू जंघेल, श्यामसुंदर साहू, पंकज जैन, रूपेंद्र रजक, मोना सिंह, गिरवर व अन्य उपस्थित रहे।