राजनांदगांव : गातापार क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब बरात के दौरान मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। 22 अप्रैल की रात ग्राम मुढ़ीपार में दूल्हे की बारात पहुंची थी, जहां सिस्टम साउंड पर नाच-गाने के बीच अचानक तीन युवकों के आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। साइड दो कहते हुए अश्लील गाली-गलौच करने पर बरातियों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती बहस के बाद आरोपी मौके से चले गए, लेकिन करीब एक घंटे बाद अपने अन्य साथियों के साथ लौटकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे राजा वर्मा पर एक आरोपित ने चाकू से पेट में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं प्रार्थी कमलेश वर्मा पर भी चाकू से हमला कर हाथ और सिर में चोट पहुंचाई गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बरातियों ने शोर मचाकर किसी तरह स्थिति को संभाला।
घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान आरोपितों ने फिर से उत्पात मचाया। इस बार उन्होंने लोहे की राड से कार वाहन के सामने का कांच तोड़ दिया, जिससे वाहन को भारी नुकसान हुआ। इस पूरी घटना ने शादी समारोह को भय और तनाव में बदल दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना गातापार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। मुख्य आरोपित गुलशन सिन्हा से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में पुलिस ने मुढ़ीपार निवासी 20 वर्षीय गुलशन सिन्हा, 23 वर्षीय पुनम सिन्हा, 19 वर्षीय जग्गु निषाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।