April 27, 2026


सात नहीं 10 बजे ही खुल रहीं पीडीएस की दुकानें

आदेश कागजों में: भीषण गर्मी में खाद्यान्न लेने उपभोक्ताओं को होना पड़ रहा परेशान

 राजनांदगांव: बढ़ती गर्मी के बीच सार्वजनिक वितरण प्रणाली की अव्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पीडीएस की राशन दुकानें सुबह सात बजे से खोलकर वितरण कार्य शुरू किया जाए, ताकि लोग भीषण गर्मी से बचते हुए समय पर राशन प्राप्त कर सकें। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश राशन दुकानें सुबह 10 बजे के आसपास ही खुल रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक दुकान बंद रखने की छूट दी गई है। वही अपराह्न तीन से रात नौ बजे तक पीडीएस की दुकानों को खुला रखने और खाद्यान्न वितरण करने कहा गया है। लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है।

 सुबह से लंबी कतारें

सुबह से ही दुकानों के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं और लोग तेज गर्म हवा और चिलचिलाती धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई जगहों पर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी इस परेशानी का सामना कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह जल्दी पहुंचकर लाइन में लगते हैं, लेकिन दुकानें समय पर नहीं खुलतीं। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी भीड़ बढ़ती जाती है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। इससे लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे है। आदेश के बावजूद पीडीएस संचालक समय का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि आदेशों की अनदेखी के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

खाद्य विभाग ने साफ की स्थिति

सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर फैली भ्रामक खबरों पर जिला खाद्य कार्यालय राजनांदगांव ने स्पष्ट स्थिति जारी की है। विभाग ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार अप्रैल, मई और जून के लिए पात्र राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एकमुश्त दिया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों को बार-बार दुकान जाने की आवश्यकता न पड़े और उन्हें सुविधा मिल सके। जिले की सभी 498 उचित मूल्य दुकानों को तीन माह का खाद्यान्न आवंटित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा तेजी से भंडारण कार्य किया जा रहा है, जिसमें अब तक लगभग 75 प्रतिशत खाद्यान्न का भंडारण पूरा हो चुका है।

 41 प्रतिशत वितरण

अब तक कुल आबंटन के विरुद्ध लगभग 41 प्रतिशत राशनकार्डधारियों को तीन माह का चावल एक साथ वितरित किया जा चुका है। शेष हितग्राहियों को भी नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए जिला खाद्य अधिकारी द्वारा शहर की विभिन्न उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से सीधे संवाद कर जानकारी ली गई, जिसमें अधिकांश लोगों ने तीन माह का राशन एकमुश्त मिलने की पुष्टि की। खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या अनियमितता होने पर कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 या 1967 पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch