डोंगरगढ़ :- अघोषित बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने तथा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोंगरगढ़ ग्रामीण के नेतृत्व में तहसील कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर कुछ देर तक धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही और महंगाई लगातार बढ़ रही है। साथ ही डोंगरगढ़ क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भंडारी और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पंचराम चंदेल ने भी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, महंगाई पर नियंत्रण करने तथा जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री विजयराज सिंह चौहान ने किया।
धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे, लेकिन एसडीएम के मौजूद नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना जारी रखते हुए वहीं बैठकर नाश्ता किया और एसडीएम को ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली, खाद और महंगाई से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।