July 20, 2026


आरंग की राजनीति में बड़ा उलटफेर, शिवसेना पार्षद उमाकांत यादव भाजपा में शामिल

आरंग : रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। नगर पालिका आरंग के वार्ड क्रमांक-2 से शिवसेना के पार्षद उमाकांत यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उमाकांत यादव ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व, भाजपा की विचारधारा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उमाकांत यादव का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास और जनसेवा की राजनीति को नई दिशा मिली है, जिसके कारण विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश और देश में भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, पारदर्शी कार्यशैली और जनहितकारी योजनाओं के चलते लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उमाकांत यादव के भाजपा में शामिल होने से आरंग नगर और विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch