राजनांदगांव: कम वर्षा से खरीफ फसलों पर संकट गहराने के बीच मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग उठने लगी है। खेतों में फसलें सूखने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका के बीच जिला पंचायत सदस्यों ने 26 अक्टूबर को कलेक्टर को पत्र सौंपकर जिले की स्थिति से राज्य सरकार को अवगत कराने और सूखाग्रस्त घोषित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है।
जिला पंचायत सदस्यों ने पत्र में उल्लेख किया है कि खरीफ वर्ष 2026-27 के दौरान जिले में औसत से कम वर्षा होने के कारण सूखे जैसी स्थिति बन गई है। खेतों में फसलें सूखने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि स्थिति ऐसी ही बनी रही, तो उत्पादन प्रभावित होने के साथ किसानों के सामने आर्थिक संकट भी गहरा सकता है।
सरकार तक समस्या पहुंचाने की मांग
जिला पंचायत सदस्यों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार को वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाए। साथ ही जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत मिल सके। पत्र सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी, लखन कलामे, सविता तिलक सोरी, रेखा कोठारी, शांति त्रिपुरे, शेश्वरी धुर्वे और सुशीला भंडारी शामिल रहे।