डोंगरगांव, 2 अगस्त :- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) डोंगरगांव मंडल की प्रथम कार्यशाला एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री भारत वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, अनुशासन, सेवा भावना एवं जनसंपर्क को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान भारत वर्मा ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और टीम भावना पर निर्भर करती है।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर पर संगठन विस्तार तथा सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क बनाए रखने और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यशाला का समापन राष्ट्रहित एवं संगठन हित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।