राजनांदगांव :- शासकीय पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय परिवार द्वारा सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री रामानन्द जी साहू एवं श्री धन्नूलाल देवांगन जी के सम्मान में गरिमामय एवं भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों शिक्षकों की दीर्घकालीन सेवाओं, अनुशासन, समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह की अध्यक्षता जनभागीदारी एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री देवशरण सेन ने की। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुनीता खरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके साथ ही शाला प्रबंधन समिति के सदस्य श्री राजेश यादव, धरम ऊके, चेतन यादव, प्रधान पाठिका श्रीमती रमा साहू, पूर्व व्याख्याता श्री आर.के. भूआर्य, पूर्व पीटीआई थामस मैडम, पूर्व संकुल प्रभारी श्री सुरेश जैन सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री रामानन्द साहू जी एवं श्री धन्नूलाल देवांगन जी के परिजन भी समारोह में शामिल हुए जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक आत्मीय एवं भावुक हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने दोनों शिक्षकों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन से अनेक छात्र-छात्राएं आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।विद्यालय परिवार की ओर से दोनों सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की। समारोह के अंत में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल की स्मृतियों को साझा किया। भावुक माहौल के बीच सभी ने उन्हें ससम्मान विदाई दी।