राजनांदगांव: ट्रक में 21 बैल और छह बछड़ों समेत 27 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र ले जाने के मामले में मोहला क्षेत्र की पाटनखास पुलिस ने मवेशियों की सप्लाई लेने वाले बताए गए राजा कुरैशी और उसके पिता जमील कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले ट्रक चालक यशवंत मरसकोले और मवेशियों को एकत्रित कर सप्लाई करने वाले शुभम को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और पायलटिंग कर रही महिंद्रा बोलेरो जब्त की है। अब मवेशियों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और आरोपितों के आर्थिक लेन-देन की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर पाटनखास पुलिस चौकी की टीम ने ट्रक (एमपी 07 एचबी 7707) को ईहोडा चौक पर नाकेबंदी के दौरान रोका। तलाशी में तिरपाल से ढके ट्रक के भीतर 21 बैल और छह बछड़े मिले। प्रकरण में चालक को गिरफ्तार किए जाने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई। ट्रक चालक यशवंत मरसकोले को आठ अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र के कोरची से शुभम को 26 अक्टूबर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, शुभम आसपास के गांवों से मवेशी एकत्रित कर राजा कुरैशी और उसके पिता जमील कुरैशी को सप्लाई करता था। उसने ट्रक की पायलटिंग काले रंग की महिंद्रा बोलेरो से करने की बात भी बताई। पुलिस ने बोलेरो जब्त कर शुभम को 27 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बैंक खातों और संपत्तियों की जांच
शुभम से मिली जानकारी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर राजा कुरैशी और जमील कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस अब मवेशियों के स्रोत, परिवहन, खरीद-फरोख्त और सप्लाई में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। साथ ही आरोपितों के बैंक खातों, संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की जांच भी की जा रही है।