राजनांदगांव: डोंगरगढ़ स्थित क्रास पहाड़ी में भालू का एक जोड़ा दिखाई देने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। पिछले दो दिनों से पहाड़ी क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियां देखी जा रही हैं। पत्थरों के बीच विचरण करते भालू के जोड़े की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़-खैरागढ़ मार्ग स्थित क्रास पहाड़ी में भालू का जोड़ा खुले तौर पर घूमता नजर आया। बताया जा रहा है कि दोनों भालुओं ने पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी क्षेत्र में अस्थायी रूप से ठिकाना बना लिया है। अक्सर उन्हें पहाड़ी और आसपास के क्षेत्र में विचरण करते देखा जा रहा है। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद मैदानी अमले को निगरानी के लिए लगाया गया है। वन एसडीओ पूर्णिमा राजपूत ने बताया कि तीन दिन पहले भालुओं के दिखाई देने की पुष्टि हुई है। विभाग की टीम लगातार दोनों पर नजर रखे हुए है और सुरक्षा संबंधी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने लोगों को पहाड़ी क्षेत्र के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि पानी की तलाश में भालू पहाड़ से नीचे उतर सकते हैं। ऐसे में खतरा बढ़ सकता है, क्योंकि वन्य जीव घबराने या खतरा महसूस होने पर हिंसक भी हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि क्रास पहाड़ी के पीछे घना जंगल है और संभवत: वहीं से भालुओं का जोड़ा इस क्षेत्र में पहुंचा है। वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।