राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की चिल्हाटी थाना पुलिस ने वर्ष 2019 से लापता युवती को छह साल बाद सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने युवती को तेलंगाना राज्य से बरामद किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद युवती को स्वजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मुड़पार निवासी लुभान गिरी गोस्वामी 27 नवंबर 2019 को दोपहर करीब दो बजे घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई थी। स्वजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद 28 नवंबर 2019 को थाना चिल्हाटी में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मामले में पुलिस लगातार युवती की तलाश में जुटी रही। स्वजनों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। थाना चिल्हाटी पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी सहायता के माध्यम से लगातार पतासाजी जारी रखी। विशेष अभियान आपरेशन तलाश के तहत टीम ने लगातार प्रयास किए। थाना प्रभारी संजय मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर युवती को तेलंगाना राज्य के सगरडीह जिले के बीडीएल भानूर थाना क्षेत्र स्थित नदी गांव से सकुशल बरामद किया।