May 26, 2026


अखाड़े के करतब से जलेबी दौड़ तक.. मस्ती की पाठशाला में उमड़ी संस्कारधानी

कलेक्टर जितेंद्र यादव भी पहुंचे, बोले- हर वर्ग में बढ़ रहा पाठशाला के प्रति उत्साह


राजनांदगांव:शहर में हर रविवार आयोजित होने वाली ‘मस्ती की पाठशाला’ अब लोगों के लिए मनोरंजन, स्वास्थ्य और पारंपरिक खेलों का बड़ा मंच बनती जा रही है। इस रविवार आयोजित पाठशाला में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोगों ने परिवार सहित पहुंचकर पारंपरिक खेलों, योग, जुंबा डांस और विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।

इस बार पाठशाला का सबसे बड़ा आकर्षण अखाड़ा रहा। नंदई बाली अखाड़ा के छोटे और बड़े बच्चों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। बच्चों की फुर्ती और प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

 जलेबी दौड़ और मटकी फोड़ में दिखा उत्साह

इस बार पाठशाला में कई नए खेल भी जोड़े गए थे। मटकी फोड़, मोमबत्ती जलाओ, जलेबी दौड़, बेलून फुलाओ, बिल्लस, बाटी, भौंरा और पिट्टुल जैसे पारंपरिक खेलों में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा रस्सीकूद, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कराटे और जंप जैसी गतिविधियों में भी प्रतिभागियों का उत्साह देखने को मिला। छोटे बच्चों के लिए झूले और फिसलपट्टी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने खेल-खेल में पूरा रविवार आनंद और उत्साह के साथ बिताया।

 जुंबा डांस में परिवार संग थिरके लोग

रीदम रिवाल्यूशन ग्रुप के साथ बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और महिलाएं जुंबा डांस में शामिल हुए। संगीत की धुन पर पूरा माहौल उत्साह से भर गया। वहीं योगा सत्र में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ड्राइंग प्रतियोगिता में छोटे बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारा। यामिनी कला केंद्र की ओर से बेहतर चित्रकारी करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

 कलेक्टर ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कलेक्टर जितेंद्र यादव भी मस्ती की पाठशाला में पहुंचे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पाठशाला के प्रति हर वर्ग में उत्साह बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में बच्चे और युवा पहुंचकर पारंपरिक खेलों और स्वास्थ्य गतिविधियों का हिस्सा बन रहे हैं, जो सकारात्मक पहल है। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि हर सप्ताह लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। लोगों के रुझान को देखते हुए इस बार कई नए खेलों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक और खेल संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में पार्षदों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार सहित मौजूद रहे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch