आरंग। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग में आयोजित समर कैंप के अंतर्गत नि:शुल्क हेल्थ एवं डेंटल चेकअप शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दंत जांच अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई। इस दौरान बच्चों और अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर में बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दांतों की जांच, मौखिक स्वच्छता संबंधी जानकारी तथा आवश्यकतानुसार दांतों की सफाई और उपचार संबंधी सुझाव दिए गए। डॉक्टरों ने बच्चों के समग्र स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के उपायों पर विशेष ध्यान दिया।
कार्यक्रम में रिम्स हॉस्पिटल आरंग के डॉक्टरों की टीम उपस्थित रही, जिसमें डॉ. अरिहंत गोलछा (एमडी मेडिसिन), डॉ. अंशिका भट्ट (गाइनोकोलॉजिस्ट), डॉ. आस्था बंजारे (पीडियाट्रिक्स) एवं उनकी टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां भी प्रदान कीं।
डॉक्टरों ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य एवं दंत जांच से बीमारियों और दांतों से जुड़ी समस्याओं की शुरुआती पहचान संभव होती है, जिससे समय पर उपचार किया जा सकता है। बच्चों को ब्रश करने की सही तकनीक, संतुलित आहार लेने और अत्यधिक शर्करा युक्त खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी गई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के नि:शुल्क शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए अच्छी शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य भी आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन ने शिविर में बच्चों को भेजने वाले अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक प्रियल साहू, खान सर, रामेश्वर पांडे, रामस्वरूप यादव, संतोषी साहू, हेमलता बेलगहे, चांदनी साहू एवं हुलसी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।