May 27, 2026


सुशासन तिहार में जिपं सदस्य शीला टाकेश सिन्हा ने उठाई सड़क और नाली निर्माण की मांग

राजनांदगांव : सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 02 की सदस्य श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा। उन्होंने गठुला से तुमड़ीलेवा नाला तक सड़क निर्माण कार्य तथा राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग में गांवों के भीतर सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।

श्रीमती सिन्हा ने आवेदन में बताया कि ग्राम गठुला से तुमड़ीलेवा तक डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बाद ग्राम गठुला से भेड़ीकला तक पुराने सड़क को उखाड़ दिया गया लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। सड़क उखड़े होने के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढे और धूल के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों में निर्माण कार्य बंद होने को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पुनः प्रारंभ कर शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही शीला टाकेश सिन्हा ने राजनांदगांव से खैरागढ़ निर्माणाधीन मुख्य मार्ग में ग्राम बोरी, तिलई एवं पदुमतरा के अंदर सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इन गांवों में नाली निर्माण स्वीकृत नहीं होने के कारण पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांवों के अंदर सड़क किनारे नाली निर्माण की स्वीकृति देकर जल्द निर्माण कार्य कराया जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके। श्रीमती सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुशासन तिहार में आवेदन देकर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराएगा।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch