June 07, 2026


जंगल में ले जाकर हत्या की फिराक में था पति डायल 112 ने बचाया

राजनांदगांव: डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद पर जंगल में पति के चंगुल से भागी महिला को डायल 112 की टीम ने बचा लिया। पीडि़ता के मुताबिक पति उसकी हत्या करना चाहता था और जंगल में उससे मारपीट कर रहा था। वह जैसे तैसे वहां से भागने में कामयाब रही। आसपास मौजूद लोगों ने डायल 112 को बुलाया जिसे देखकर आरोपित पति मौके से फरार हो गया। महिला की जान बच पाई और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ दाखिल किया गया।

पुलिस के मुताबिक पीडि़ता यामिनी साहू (23) मूल रुप से रायपुर की रहने वाली है। वह अपने पति कमलचंद लाझेंवार (30) के साथ लंबे समय से यहां रहकर रोजी मजदूरी कर रही थी। दोनों डोंगरगढ़ कालकापारा में रह रहे थे। लोगों को महिला भयभीत अवस्था में मिली थी। पूछताछ में महिला ने पूरी कहानी बताई। उसे इस स्थिति में देख ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी थी। टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तब आरोपित पति उसका पिछा कर रहा था। महिला ने बताया कि पुलिस वाहन को आते देख उसका पति मौके से फरार हो गया। इसके बाद डायल 112 टीम ने महिला को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया। साथ ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ भेजकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इधर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।

जान बचाने पर किया पुरस्कृत

इधर, डायल 112 की त्वरित कार्रवाई और महिला की जान बचाने पर पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डायल 112 स्टाफ द्वारा तत्परता, संवेदनशीलता और साहस का परिचय देते हुए किए गए कार्य की सराहना की गई है। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक दीपेश मुद्दनकर और चालक रविंद्र देवांगन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch