सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 7 बजे हर घर में दीप प्रज्वलन की अपील, 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
आरंग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्र समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से आरंग में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को पूरे आरंग नगर को दीपों की रोशनी से जगमगाने की तैयारी की जा रही है।
अभियान के तहत “एक दीया आपका, एक संकल्प हमारा…” के ध्येय वाक्य के साथ नगर में हजारों दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने आरंग क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की है।
डॉ. जैन ने नागरिकों से आग्रह किया कि 17 सितंबर की शाम ठीक 7 बजे सभी लोग अपने-अपने घरों में अपने हाथों से ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करें। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र समर्पण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से आरंग की जनता उनके प्रति अपना स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद प्रकट करेगी। उन्होंने कहा कि एक छोटे से दीपक के माध्यम से नागरिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर सकते हैं।
अभियान को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आयोजकों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों से संपर्क कर उन्हें अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों का प्रयास है कि 17 सितंबर की शाम आरंग का प्रत्येक घर दीपों से रोशन हो और नगर एकजुट होकर ‘सेवा संकल्प’ का संदेश दे।